New Delhi/Alive News: आल इंडिया रबर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एआइआरआइए) द्वारा भारत मंडपम में चार दिवसीय इंडिया रबर एक्सपो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। उन्होंने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया रबर एक्सपो उद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमइ) और नवाचारकर्ताओं को एक साथ लाने वाला मंच है। यह तकनीक आधारित प्रदर्शनी और उद्योग जगत की व्यापक भागीदारी इस क्षेत्र के आधुनिकीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए कौशल विकास, तकनीकी नवाचार और मजबूत बाजार संपर्क पर विशेष ध्यान देना अब अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री के अनुसार ऐसे आयोजन न केवल व्यापार को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं। नवाचार, संपर्क और परिवर्तन के मूल मंत्र पर आधारित यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दे रही है। 26,000 वर्ग मीटर में फैली इस प्रदर्शनी में चीन, जापान, रूस और जर्मनी जैसे देशों के 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्टाल लगे हैं। यहां कच्चे माल से लेकर अत्याधुनिक मशीनरी का व्यापक प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में 14 देशों के प्रतिनिधि और 400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं, जो भारतीय रबर उद्योग की वैश्विक धमक को दर्शा रहा है।
हाई-टेक सुविधाओं से लैस आयोजन
आयोजन समिति के अध्यक्ष विपन मेहता और मुख्य संयोजक संजीव सिक्का ने बताया कि इस बार आगंतुकों के लिए चेहरा पहचानने वाली प्रवेश प्रणाली और विशेष मोबाइल ऐप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। एआइआरआइए के अध्यक्ष अनय गुप्ता ने इस मंच को वैश्विक व्यापार वृद्धि के लिए मील का पत्थर बताया। प्रदर्शनी के दौरान एग्जीबिटर नाइट, सूफियाना शाम और कलर्स आफ इंडिया जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

