June 6, 2026

अमेरिका में हरियाणा के गैंगस्टर भानु राणा की हत्या का दावा, सोशल मीडिया पोस्ट से फैली सनसनी

New Delhi/Alive News: हरियाणा के करनाल निवासी गैंगस्टर भानु राणा की अमेरिका के कैलिफोर्निया में हत्या होने का दावा किया गया है। यह दावा लॉरेंस गैंग से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट में किया गया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्ट में लिखा गया है कि भानु राणा की हत्या कर उसे जमीन में दफना दिया गया। यह भी कहा गया कि वह देश के खिलाफ काम कर रहा था। हालांकि, इस तरह के दावों की अभी तक किसी एजेंसी या पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।

भानु राणा पहले लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसके संबंध बिगड़ गए थे। बताया जाता है कि वह गैंग छोड़कर विरोधी गुट के साथ जुड़ गया था, जिसके बाद वह निशाने पर आ गया।

जानकारी के अनुसार, भानु राणा 2023 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए अमेरिका भाग गया था। उससे पहले उसके खिलाफ हरियाणा में मारपीट, अवैध हथियार और रंगदारी के कई मामले दर्ज थे।

जून 2025 में करनाल STF ने उसके दो साथियों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया था कि ये लोग पंजाब के जालंधर में भी ग्रेनेड सप्लाई कर चुके हैं।

वहीं, अमेरिका के कैलिफोर्निया में रह रहे कुछ लोगों का कहना है कि वहां इस तरह की किसी हत्या की जानकारी सामने नहीं आई है। उनका मानना है कि यह पोस्ट केवल डर फैलाने के लिए भी हो सकती है।

फिलहाल, भानु राणा की हत्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।