May 22, 2024

रक्षा और आर्थिक मामलों में भारत हो रहा है सशक्त : शेखावत

Faridabad/Alive News : केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत सामरिक शक्ति में दुनिया में किसी भी देश का सामना करने में सक्षम है। केंद्रीय मंत्री ने फरीदाबाद में चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन के पहले सत्र में रक्षा सामर्थ्य विषय पर बात की।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी जो साधारण से साधारण सदस्य व कार्यकर्ता को नेता बनाने का काम करती है। किसी संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने बताया कि मेक इन इंडिया योजना के तहत भारत ने रक्षा उत्पादों के लिए जो 310 समझौते किये थे, उनकों अब रद्द कर दिया। ये सब उत्पाद 84 हजार 500 करोड़ रुपयों में भारतीय कंपनियों से ही खरीदे जाएंगें। इस बार के रक्षा बजट में 25 प्रतिशत खरीद भारतीय कंपनियों से की जाएगी। पिछले 40 वर्षों से भारत विश्व का सबसे बड़ा रक्षा उत्पाद आयात करने वाला देश रहा है। अब हम आत्मनिर्भर रक्षा उत्पाद आत्म निर्भर होने के साथ-साथ उसका निर्यात भी कर रहे हैं। 8800 करोड़ का हमने निर्यात किया है व आने वाले समय में 1 लाख करोड़ से ज्यादा रुपये के रक्षा उत्पाद भारत निर्यात करेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने चीन बार्डर पर 1200 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया है और पाकिस्तान की तरफ भी 3 हजार किलोमीटर सड़क बनाई है। डोकलाम पर सड़क का निर्माण करके मानसरोवर झील की यात्रा का रास्ता सुगम किया गया है।