April 28, 2024

एक तरफा प्यार में सनकी आशिक ने प्रेमिका को कुल्हाड़ी से काटा, आरोपी गिरफ्तार

Jaipur/Alive News : एक तरफा प्यार के चलते एक सनकी आशिक ने द्वारा अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार आशिक ने अपनी प्रेमिका के गर्दन पर कुल्हाड़ी से तब तक वार किए, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। इसके बाद सनकी आशिक महिला के शव से घंटों लिपटा रहा। पुलिस के आने के बाद भी उसने शव को नहीं छोड़ा, जिसके बाद पुलिस ने जबरन उसे शव से अलग कराया और युवक को गिरफ्तार कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

जानकारी के मुताबिक घटना अहोर क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक गांव का गणेश पुत्र थानाराम मीणा, मनरेगा में काम करने वाली शांतिदेवी से एक तरफा प्यार करता था। वह कई बार महिला का पीछा कर उसे परेशान कर चुका था। घटना वाले दिन शांतिदेवी मनरेगा में काम कर रही थी। इसी दौरान गणेश आया और उसने प्यार का इजहार किया। महिला के मना करने पर उसने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से उस पर कई वार किए। इस दौरान वह बार-बार चिल्लाता रहा कि आज तुझे जान से मार ही दूंगा। महिला की गर्दन, हाथ, कंधे पर कई वार करने के बाद जब महिला की मौत हो गई तो गणेश उसके शव से लिपट गया। 

मृतक शांतिदेवी की शादी गांव के ही शांतिलाल चौधरी से हुई थी। शांतिलाल काम के सिलसिले में महाराष्ट्र में रहता है। महिला अपने ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि महिला ने कई बार अपने पति से गणेश के बारे में बताया था। शांतिलाल के मना करने के बाद भी गणेश नहीं माना और महिला को परेशान करता रहा। गणेश को महिला के शव से अलग करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।