May 1, 2024

हरियाणा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की सुगबुगाहट तेज, पढ़िए इस रेस में सबसे आगे कौन

Chandigarh/Alive News: हरियाणा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा पर पिछले कुछ दिनों से इस्तीफे का दबाव है। पिछले दिनों शैलजा ने राजधानी दिल्ली में सोनिया गांधी के 10 जनपद आवास पर मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद यह खबर आई थी कि कुमारी शैलजा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। दूसरी तरफ यह भी कहा जा रहा है कि आलाकमान हरियाणा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष पद पर एक बदलाव करने जा रहा है।

इस कड़ी में खबर आई है कि सोनिया गांधी के पास नए अध्यक्ष पद के लिए चार नेताओं के नाम सामने आए हैं। इनमें भूपिंदर सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुलदीप विश्नोई और किरण चौधरी के नाम शामिल हैं। सोनिया गांधी इन चारों के नामों पर विचार कर रही हैं और वे ही इस पर अंतिम फैसला लेंगी। हालांकि, अभी इससे जुड़ी कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कोई भी राजनेता इस मुद्दे पर बात करने से साफ तौर पर कतरा रहा है।

लगातार हरियाणा के राजनीतिक गलियारों से आ रही खबरों के बाद यह कयास लगाया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस में कई बड़े बदलाव आने वाले दिनों में देखने को मिल सकते हैं। जानकारी के अनुसार हरियाणा कांग्रेस की कमान नए हाथों में सौंपी जा सकती है। फिलहाल यह अभी पर्दे में है कि किसके नाम पर मुहर लगेगी और किसे नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

हरियाणा राजनीतिक दृष्टिकोण से देखें तो भूपेंद्र हुड्डा हरियाणा कांग्रेस में एक मुख्य भूमिका में सबसे आगे नजर आते हैं। उनके नेतृत्व में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार भी बनी और उनका शासन भी चला। उनके साथ साथ प्रदेश अध्यक्ष की दावेदारी में कुलदीप बिश्नोई, किरण चौधरी और रणदीप सुरजेवाला जैसे अन्य नाम भी रेस में आगे नजर आ रहे है।

दूसरी तरफ हरियाणा में होने वाले संगठनात्मक बदलाव के बीच शुक्रवार को कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। प्रभारी द्वारा अध्यक्ष पद को लेकर सोनिया गांधी को भेजे गए चार नाम में कुलदीप बिश्नोई का भी नाम है। कांग्रेस अपनी रणनीति में क्या नया बदलाव करती है यह तो वक्त ही बताएगा। फिलहाल इंतजार करना होगा कि कांग्रेस अपने नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कब करती है और साथ ही साथ कुमारी शैलजा का इस्तीफा कब आता है। वह इस इस्तीफे के पीछे का क्या कारण बताती है उस पर भी अभी संशय बरकरार है।