April 26, 2024

हरियाणा मंत्रिमंडल में भाजपा व जजपा कोटे से नियुक्त होंगे एक-एक कैबिनेट मंत्री

Chandigarh/Alive News : उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के अनुसार हरियाणा सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द विस्तार किया जायेगा। मंत्रिमंडल में भाजपा व जजपा कोटे से एक-एक कैबिनेट मंत्री नियुक्त किये जायेंगे। ऐसे में कुछ वर्तमान मंत्रियों का पत्ता कटने पर अभी संशय बना हुआ है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों संगठनों (बीजेपी-जेजेपी) को अपने-अपने कोटे से एक-एक कैबिनेट मंत्री को शपथ दिलानी है। इसके बावजूद अब तक मंत्रिमंडल में अन्य कोई बदलाव नहीं किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री ने जजपा कोटे के वर्तमान मंत्री अनूप धानक के कामकाज पर संतुष्टि जताई। बता दें कि मंगलवार को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से देश व प्रदेश के अनेक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पहुंचे थे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिसार में तैयार हो रहे एविएशन हब में रक्षा मंत्रालय की ओर से एयर फोर्स और इंडियन आर्मी के प्लेन, हेलीकॉप्टर की मरम्मत और ओवरहॉलिंग का काम हो जाये तो यह सोने पर सुहागा होगा। इसे लेकर उन्होंने रक्षा मंत्री से चर्चा की है। उन्होंने गुरुग्राम के ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट में हेलीपैड और देश का पहला एयरो म्यूजियम बनाने की योजना और हिसार के अलावा प्रदेश के 4 अन्य रनवे से हवाई उड़ानें शुरू करने के इन तमाम मुद्दों को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी चर्चा की।