April 27, 2024

दहेज़ की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को करने लगे प्रताड़ित, आठ पर केस दर्ज

Palwal/Alive News: शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो विवाहिताओं के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने के दो मामले प्रकाश में आए हैं। एक मामले में पीड़िता ने अपने देवर पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए हैं।

पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार पलवल की हाऊसिंग बोर्ड कालोनी निवासी रितू शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी पालम कॉलोनी शाद नगर (दिल्ली) निवासी तेजपाल उर्फ राजू के साथ हुई थी। शादी में पीड़िता के मायके पक्ष ने यथा संभव दान-दहेज भी दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से ही अधिक दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे।

दहेज लाने में असमर्थता जताने पर पीड़िता के साथ पति, सास मुर्ति देवी, देवर सुनील व ससुर महावीर ने मारपीट कर व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। इसी प्रकार एक पीड़िता ने कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी गत 17 अप्रैल वर्ष 2020 को फरीदाबाद निवासी एक युवक के साथ ही हुई थी। शादी के बाद से ही पति, देवर, सास व ससुर दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पीड़िता के साथ मारपीट कर व जान मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक दिन रात के समय वह अपने देवर को खाना देने के लिए कमरे में गई तो उसके साथ छेडछाड की गई व और कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।