Gungun sharma Alive News
Noida: सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, गौतमबुद्धनगर ने अपर परिवहन आयुक्त (आईटी), उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पत्र भेजकर वाहन-4 पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी है। विभाग की ओर से बताया गया है कि पिछले करीब 15 दिनों से वाहन-4 पोर्टल अत्यधिक धीमी गति से कार्य कर रहा है, जबकि पिछले तीन दिनों से इसकी स्थिति और भी खराब हो गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि कार्य करते समय कर्मचारियों की आईडी बार-बार स्वतः लॉग आउट हो जाती है। एक कार्यदिवस में लगभग 25 से 30 बार आईडी लॉग आउट होने की समस्या सामने आ रही है। इसके अलावा पोर्टल पर कार्य करते समय सॉफ्टवेयर की गति बेहद धीमी होने के कारण कार्यालयीय कार्यों के निष्पादन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने अपर परिवहन आयुक्त से अनुरोध किया है कि वाहन-4 पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि परिवहन विभाग के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि संभागीय परिवहन अधिकारी, गाजियाबाद को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

