June 26, 2026

परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 बसें सीज

जुर्माना भरने के बाद मोरना डिपो से 13 बसें छोड़ी गईं

Gungun Sharma/Alive News

Noida: परिवहन विभाग ने परमिट, ओवर स्पीडिंग और क्षमता से अधिक सवारी भरने के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 बसों को सीज कर दिया, जबकि 10 बसों के चालान किए गए। इनमें से मोरना रोडवेज डिपो में खड़ी 13 बसों को गुरुवार को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने और जुर्माना जमा कराने के बाद छोड़ दिया गया।

एआरटीओ अधिकारी नंद कुमार ने बताया कि बीते मंगलवार को आरटीओ सियाराम वर्मा के निर्देश पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान कई बसें बिना परमिट, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों के संचालित होती मिलीं। वहीं कई बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही थीं और ओवर स्पीडिंग के मामले भी सामने आए।

नियमों में अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 40 बसों को सीज किया और 10 बसों के चालान किए। इनमें आधे से अधिक बसें लंबी दूरी के रूट पर संचालित हो रही थीं, जिनमें कई बसें बिहार जाने वाली भी शामिल थीं।

सीज की गई बसों को मोरना बस डिपो, कासना और जीएसटी कार्यालय के पास खड़ा कराया गया था। अधिकारियों के अनुसार मोरना डिपो में खड़ी 13 बसों को गुरुवार को जुर्माना जमा कराने के बाद छोड़ दिया गया। विभाग ने इन बसों से कुल सात लाख 16 हजार 272 रुपये का जुर्माना वसूला है। छोड़ी गई बसों में पांच बाहरी राज्यों की बसें भी शामिल हैं।