July 16, 2026

पति की हत्या कर शव फेंका, पत्नी और साला गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पति की हत्या कर शव को कूड़े में फेंकने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके साले को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल की सुबह डबुआ-पाली रोड पर जयबीर का शव मिला था। इस मामले में उसके भाई धर्मबीर ने थाना डबुआ में शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके भाई चंद्रप्रकाश (निवासी डबुआ) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पत्नी ने बताया कि जयबीर शराब पीकर रोज झगड़ा करता था। इससे परेशान होकर उसने 22-23 अप्रैल की रात को अपने जीजा जितेंद्र उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर जयबीर का गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटकाया, ताकि यह आत्महत्या लगे। इसके बाद 23 अप्रैल की सुबह चंद्रप्रकाश और जितेंद्र ने शव को मोटरसाइकिल पर रखकर डबुआ-पाली रोड पर कूड़े के ढेर में फेंक दिया।

पुलिस ने चंद्रप्रकाश को जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी पत्नी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।