June 6, 2026

पंचशील कॉलोनी में तलवार से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पंचशील कॉलोनी में तलवार से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 24 अप्रैल की रात की है। पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ घनश्याम और रामनिवास उर्फ लक्की के रूप में हुई है। दोनों पंचशील कॉलोनी पार्ट-1 के रहने वाले हैं और आपस में सगे भाई हैं।

पुलिस के अनुसार, अमन कुमार ने थाना पल्ला में शिकायत दी थी कि 24 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी मां के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे, घनश्याम, लक्की और एक अन्य व्यक्ति पप्पू ने उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लक्की ने तलवार से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।

जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। पुरानी दुश्मनी के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। लक्की ने तलवार से वार किया, जबकि बाकी लोगों ने लाठी-डंडों और घूंसे से हमला किया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई तलवार बरामद कर ली है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।