June 28, 2026

एचटीईटी 2025 की अधिसूचना जारी, आज से ऑनलाइन आवेदन शुरू

Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) 2025 की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही 24 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 4 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन (करेक्शन) की सुविधा 5 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

हरियाणा बोर्ड भिवानी की ओर से पहली बार ऐसा किया गया है कि परीक्षा की तिथि घोषित किए बिना ही ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बोर्ड के अनुसार 24 दिसंबर से 4 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन फार्म भरे जा सकेंगे।

आवेदन शुल्क का विवरण
एचटीईटी परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए श्रेणीवार शुल्क निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति (एससी) और दिव्यांग (पीएच) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए जेबीटी स्तर की परीक्षा हेतु 500 रुपये, टीजीटी के लिए 900 रुपये और पीजीटी के लिए 1200 रुपये शुल्क रखा गया है।

वहीं सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जेबीटी की परीक्षा का शुल्क 1000 रुपये, टीजीटी के लिए 1800 रुपये तथा पीजीटी के लिए 2400 रुपये निर्धारित किया गया है।

हरियाणा राज्य के डोमिसाइल के बिना आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी जेबीटी हेतु 1000 रुपये, टीजीटी के लिए 1800 रुपये और पीजीटी के लिए 2400 रुपये शुल्क देय होगा।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही फार्म भरें।