November 6, 2026

फरीदाबाद: एचएसएनसीबी की बड़ी तैयारी, नशा तस्करों पर पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत होगी जेल

Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एचएसएनसीबी) ने फरीदाबाद और गुरुग्राम में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए निगरानी तेज कर दी है। ब्यूरो अब बार-बार तस्करी में लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट 1988 के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजेगा।

​संयुक्त पुलिस आयुक्त व डीआईजी एचएसएनसीबी राजेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) ने बताया कि फरीदाबाद, रेवाड़ी और गुरुग्राम इकाइयों के प्रभारियों को पुराने मामलों की समीक्षा कर पात्र अपराधियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त फरीदाबाद व गुरुग्राम के पब, क्लब, लाउंज, रेव पार्टियों और अहातों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नशे की आपूर्ति या सेवन के लिए जगह देने वाले परिसर मालिकों और आयोजकों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे नशे से जुड़ी सूचना हेल्पलाइन 90508-91508 या 1933 पर साझा करें।