June 5, 2026

सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा में जुमे की नमाज पर हाई अलर्ट, 19 मस्जिदों पर हजार पुलिसकर्मी तैनात

Ghaziabad/Alive News: सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा इलाके में बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र की 19 मस्जिदों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की।

बकरीद के दिन खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में हुई सूर्या की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। इस बीच कुछ हिंदू संगठनों ने जुमे की नमाज को लेकर चेतावनी भी दी थी, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

शुक्रवार सुबह से ही पूरे खोड़ा क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। नवनीत विहार कॉलोनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा कारणों से कुछ दुकानदारों को दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस और प्रशासन की निगरानी में सभी 19 मस्जिदों में जुमे की पहली पाली की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इसके बाद दूसरी पाली की नमाज भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हुई।

प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है।