Chennai/Alive News: तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि अपनी विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है।
नैनार नागेंद्रन ने कहा कि भाजपा कोई नई पार्टी नहीं है और किसी एक नेता के जाने से उसके कामकाज या संगठन पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने और नया रास्ता चुनने का अधिकार है।
उन्होंने यह भी कहा कि अन्नामलाई के इस्तीफे का भाजपा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। साथ ही उन आरोपों को भी खारिज किया कि भाजपा तमिलनाडु के हितों और अधिकारों को पर्याप्त महत्व नहीं देती। नागेंद्रन के अनुसार भाजपा लगातार तमिल भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने का काम कर रही है।
इससे पहले भाजपा से इस्तीफा देने के बाद के. अन्नामलाई ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने 4 दिसंबर 2025 को ही पार्टी नेतृत्व को इस्तीफा देने की इच्छा जता दी थी, लेकिन उनसे पहले चुनाव पूरा करने को कहा गया था।
अन्नामलाई ने कहा कि अब वह एक नए रास्ते और नई राजनीतिक मुहिम की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर राजनीति और बड़े लक्ष्यों के लिए उन्होंने सम्मानपूर्वक भाजपा छोड़ने का फैसला लिया है तथा अब अधिक लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।

