Faridabad/Alive News : हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय खरीद कमेटी की बैठक में फरीदाबाद के विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन स्वीकृतियों से शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा (आईएएस) ने बताया कि बैठक में राइट ऑफ वे के तहत शहर की लगभग 100 किलोमीटर सड़कों के विकास के लिए डीपीआर तैयार करने को मंजूरी दी गई है। पुणे की एक डिजाइन कंपनी द्वारा सड़क किनारे ड्रेनेज, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट और साइकिल ट्रैक सहित आधुनिक ढांचा तैयार किया जाएगा। इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
इसके अलावा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 24 घंटे जल आपूर्ति, सीवरेज लाइन, पेयजल पाइपलाइन और बड़े पार्कों के विकास के लिए भी डीपीआर तैयार की जाएगी।
बैठक में नीमका गांव में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसमें क्रिकेट ग्राउंड, स्विमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। संबंधित आर्किटेक्ट फर्म के चयन के लिए आरएफपी जारी की जाएगी।
निगम अधिकारियों के अनुसार, सभी परियोजनाओं के लिए जल्द वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे, जिससे फरीदाबाद के विकास को नई गति मिलेगी।

