May 1, 2024

हाय गर्मी ! सूरज बरसा रहा आग, लू से परेशान फरीदाबाद के लोग

Poonam Chauhan/Alive News
Faridabad:
शहर में प्रचंड गर्मी और लू का कहर जारी है, तपिश और उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है, सूरज आग बरसा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्व से हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी कर रखा है। जिले में भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही एक बार पारा फिर चढने लगा है। इस कारण से शनिवार को गर्मी ने एक बार फिर से अपने तेवर कड़े किए। शहर में शनिवार को 40 डिग्री तापमान दर्ज हुआ तापमान संडे को बढ़कर 41 डिग्री हो गया। वहीं सोमवार को 42 डिग्री और मंगलवार को 43 डिग्री होने का अनुमान है।

मौसम विभाग की मानें तो अब तापमान फिर से बढने लगेगा है। पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप बन रहा। चंडीगढ़ के मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार को 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस जबकि होशियारपुर का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार से दिल्ली- एनसीआर में भीषण गर्मी होने की संभावना जताई है और दो दिनों तक लू चलने का अनुमान है। दिल्ली के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में दिन के समय भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में फिर लू की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लू चलने की आशंका को देखते हुए सोमवार और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दोपहर में सड़क पर पसरा सन्नाटा
शहर में दिन के 10 बजे के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई। तेज धूप एवं लू से बचने के लिए लोग अपने घरों में कैद रहे। भीषण गर्मी के कारण लोगों की आवाजाही कम होते ही दोपहर में ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन काफी कम हो गया।

प्यास ने किया परेशान
तेज धूप एवं लू से परेशान लोगों को प्यास से राहत नहीं मिली। लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए परेशान नज़र आए और आम लोगों को पीने के पानी की शहर में कहीं भी व्यवस्था नहीं रहने से भी लोग खरीद कर पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते दिखे।

पशु और पक्षी भी परेशान
गर्मी के कारण लोग ही नहीं पशु पक्षी भी परेशान नज़र आए। पक्षी प्यास से परेशान दिखे वहीं पशु दोपहर में छाव ढूढ़ते दिखे ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।

क्या कहना है सीएमओ का

लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलना अवॉइड करें। अगर घर से बाहर जा रहे हैं तो पानी की बोतल साथ लेकर जाएं। धूप से बचें, टाइट नहीं लूज कपड़ों का इस्तेमाल करें और काले कपड़े ना पहने।
-डॉ.विनय गुप्ता, सीएमओ, बादशाह खान अस्पताल।