May 7, 2024

हरियाणाः एक बार फिर सताएगी सर्दी, इस दिन से होगी बारिश

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में अभी ठंड से राहत मिलने की उम्‍मीद नजर नहीं आ रही है। 8 फरवरी देर रात्रि से हरियाणा राज्य मे मौसम में बदलाव आने की संभावना बनी हुई है। जिस कारण से 9 फरवरी को कुछ स्थानों पर बूंदाबादी होनी संभावित है। बारिश के बाद मौसम फिर से खुश्क हुआ है। मगर दिन के समय में बादलवाई सूर्य की तपिश को कम करने का काम कर रही है।

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राज्य में 8 फरवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ स्थानों पर बारिश देखने को मिल सकती है।इस दौरान हल्की गति से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवा चलने से ज्यादातर स्थानों पर रात्रि तापमान में गिरावट होने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं रविवार को रात्रि तापमान ने एक बार फिर गोता मारा है।

प्रदेश के सभी शहरों की तुलना में हिसार में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां रात्रि तापमान सामान्य से सात डिग्री कम होकर 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले तीन डिग्री के आसपास रात्रि तापमान दर्ज किया गया था। मौसम में बदलाव के कारण यह स्थिति देखने को मिल रही है। हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होकर 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पूर्व दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था। बता दें कि वर्तमान में फसलों के लिहाज से मौसम सही बना हुआ है। अलसुबह धुंध रहती है तो इसके बाद तेज धूप निकलती है। वहीं रात का तापमान और भी कम रहता है।