May 17, 2024

हरियाणा: मार्च महीने में लगातार बढ़ रहा तापमान, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम

Chandigarh/Alive News: मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में 15 मार्च तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी मगर रात्रि तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य में 14 व 15 मार्च को बीच -बीच में कहीं -कहीं हल्के बादल व हल्की से मध्यम गति से पश्चिमी व उत्तर पश्चिमी हवा चलने की संभावना है।

पिछले कुछ दिनों से गर्मी काफी बढ़ गई है। अक्सर मार्च महीने के दूसरे सप्‍ताह तक तपिश इतनी नहीं होती है मगर इस बार ज्‍यादा देखने को मिल रही है। पिछले 11 वर्षों के अधिकतम तापमान देखने पर पता चलता है कि चार वर्ष में मार्च के शुरुआती 10 दिनों के भीतर ही 30 डिग्री सेल्सियस तक गर्मी पहुंच गई थी।

जबकि दो बार फरवरी में ही 30 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचा था। जबकि इस बार सामान्य रूप से मार्च के पहले 10 दिनों में ही गर्मी बढ़ी। जिसमें हिसार में इस बार 8 मार्च को 30.4 और 12 मार्च को सर्वाधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान पहुंच गया।

पिछले 11 वर्ष के आंकड़े देखने को पता चलता है कि इस बार गर्मी सामान्य तौर पर आई है। मगर गर्मी अधिक महसूस इसलिए हो रही है क्योंकि वातावरण ड्राई हो गया है। इस कारण से दिनों दिन तापमान भी बढ़ रहा है। अब 15 मार्च तक इसी प्रकार की स्थिति रहने की संभावना है।