May 19, 2024

बेटा लेकर आता था नकली नोट और बाजार में चलाती थी महिला, ऐसे खुला मां-बेटा का राज

Chandigarh/Alive News: नकली नोट चलाने के मामले एक बार फिर से सामने आने लगे हैं। हरियाणा के सिरसा शहर थाना की कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने बेगू रोड पर स्थित सुखसागर कालोनी में किराए के मकान में रहने वाली महिला को नकली करेंसी के साथ काबू किया है। महिला से एक लाख 11 हजार रुपये के 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट बरामद हुए है। महिला की पहचान गांव बेगू निवासी सुखविंद्र कौर के रूप में हुई है जबकि उसका बेटा गगनदीप मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शहर थाना पुलिस में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सूचना के आधार पर बेगू रोड पर स्थित सुखसागर कालोनी में छापा मारा। पुलिस टीम ने किराए के मकान में से सुखविंद्र कौर नामक महिला को काबू किया। आरोपित के कब्जे से एक लाख 11 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित महिला ने बताया कि उसका बेटा गगनदीप नकली नोट लेकर आता था। जिसके बाद वे उन्हें बाजार में चलाते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हे।

नकली नोट चलाने के इस धंधे से कई अन्य लोगों के जुड़े होने की भी संभावना है। पुलिस नकली नोटों के इस रेकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है। पुलिस आरोपित महिला के बेटे गगनदीप की तलाश में लगी हुई है। पुलिस आरोपित महिला से पूछताछ कर रही है। आरोपित को न्यायालय में कर रिमांड हासिल किया जाएगा। शहर थाना सिरसा प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सुखविंद्र कौर नामक महिला को काबू कर लिया। जबकि उसका बेटा फरार हो गया।