April 27, 2024

हरियाणा: दो साल बाद मंत्रिमंडल का होगा विस्तार, विभागों में भी फेरबदल

Chandigarh/Alive News: हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार मंगलवार को होने जा रहा है। नववर्ष से पहले भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता और जजपा विधायक देवेंद्र बबली को मंत्री पद का तोहफा मिलेगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय शाम चार बजे दोनों नए मंत्रियों को राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के दिवाली के दिन 27 अक्तूबर 2019 को शपथ ग्रहण करने के साथ नई सरकार अस्तित्व में आई थी। प्रदेश में गठबंधन सरकार बनने के 2 साल 2 महीने और एक दिन बाद दो नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। सरकार की तरफ से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सोमवार दोपहर सवा तीन बजे मंत्रिमंडल विस्तार की सूचना तो दे दी लेकिन मंत्रियों के नाम गोपनीय रखे हैं।

भाजपा की तरफ से स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता और पलवल के विधायक दीपक मंगला ने मंत्री पद पाने के लिए खूब जोर-आजमाइश की। नांगल चौधरी से भाजपा विधायक अभय सिंह यादव व दूड़ा राम का नाम भी चला। दूड़ा राम की तो दो दिन पहले ही दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी।

सोमवार को गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला के निवास पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ पहुंचे, जिससे तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं। सूत्रों के अनुसार भाजपा की तरफ से डॉ. कमल गुप्ता व जजपा कोटे से देवेंद्र बबली का नाम मंत्री पद की शपथ के लिए राजभवन को भेजा गया है। कमल गुप्ता संघ के साथ ही प्रदेश भाजपा नेतृत्व की भी पसंद हैं। उनका मुखर वक्ता होना पक्ष में गया।

जजपा की तरफ से देवेंद्र बबली के अलावा विधायक रामकुमार गौतम, अमरजीत ढांडा व ईश्वर सिंह का नाम चर्चा में रहा। ईश्वर सिंह के बेटे को जजपा कोटे से चेयरमैन बनाया जा चुका है। ढांडा व गौतम पद की दौड़ में पिछड़ गए। जोगी राम सिहाग को सरकार चेयरमैन बना चुकी है लेकिन किसान आंदोलन के कारण उन्होंने पद नहीं स्वीकारा था।

विस्तार के साथ ही विभागों में होगा फेरबदल
नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही अन्य मंत्रियों के विभागों में थोड़ा-बहुत फेरबदल होगा। भाजपा कोटे के मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे। भाजपा कोटे से बनने वाले कैबिनेट मंत्री को बड़ा विभाग मिल सकता है। जजपा कोटे से बनने वाले मंत्री को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के विभागों में से ही एक-दो विभाग दिए जाने की चर्चाएं हैं।