April 20, 2024

वार्ड 9: एक तरफ स्वच्छता अभियान, दूसरी तरफ सीवर ओवरफ्लो से परेशान लोगों ने शुरू किया धरना प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: टूटी हुई पुलिया सीवर ओवरफ्लो और क्षेत्र में जगह जगह लगे गंदगी के अंबार के विरोध में वार्ड नंबर नौ के स्थानीय लोगों का पार्षद विधायक और नगर निगम के खिलाफ आज तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। धरने को तीन दिन बीत जाने ने बाद भी अभी तक पार्षद विधायक और नगर निगम ने इनकी सुध नहीं ली है। समाजसेवी रतनपाल चौहान का कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं होता तो वह नगर निगम और भाजपा पार्षद, भाजपा के मंत्री के घर का घेराव करेंगे।

दरअसल, वार्ड नम्बर नौ निवासी लंबे समय से परेशान हैं और इनकी परेशानी का कारण टूटी सड़क तथा सीवर ओवरफ्लो है। वह भी उस समय जब जिले में नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। समाजसेवी रतनपाल चौहान का कहना है कि वार्ड 6 का एयरफोर्स नाला ओवरफ्लो है, इसके अलावा अग्रवाल स्कूल मेन रोड, चाचा चौक की पुलिया टूटी हुई है। जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सड़क पर अनगिनत गड्ढे है। नाले की सफाई न होने से इनमे पानी भर जाता है और गड्ढे दिखाई नहीं देते। जिससे लोग प्रतिदिन दुर्घटनाओं के शिकार होते हैं।

उधर, वार्ड 9 के लोगों ने पार्षद महेंद्र भड़ाना, विधायक नीरज शर्मा और नगर निगम अधिकारियों को लिखित में शिकायत दी है लेकिन शिकायत के बाद आज तक समस्या का समाधान करने की तो दूर की बात है किसी ने मौके पर आकर भी नहीं देखा।

क्या कहना है स्थानीय लोगों का

नगर निगम इन दिनों सफाई अभियान चला रहा है और गरीबों के उजाड़ रहा है। निगमायुक्त यदि सच में शहर को कचरामुक्त बनाना चाहते हैं तो शुरुआत कॉलोनियों से करें सेक्टरों से नहीं। तभी बनेगा फरीदाबाद स्मार्ट सिटी।
सतपाल भामला, स्थानीय निवासी, वार्ड-9

क्षेत्र में समस्या लंबे समय से समस्या बनी हुई है। सबसे शिकायत करके अब हम थक चुके हैं। यह धरना अब क्षेत्र की सफाई के बाद ही समाप्त होगा।
राजकुमार यादव, समाजसेवी वार्ड-9

चाचा चौक से भड़ाना चौक जाने वाली सड़क के दोनों ओर का नाला सफाई न होने से ओवरफ्लो हो रहा है। गंदा पानी 12 मास सड़क पर रहता है। अगर इसकी 6 महीने में सफाई भी होती है तो वह सफाई नहीं खानापूर्ति होती है।
महेंद्र चौधरी, सूरज, सुभाष स्थानीय निवासी वार्ड-9

सड़कें टूटी हुई है जिसमें गिरकर आए दिन बच्चें और बुजुर्ग घायल होते हैं। सफाई के लिए कोई कर्मचारी भी नहीं आता। अब सफाई के बाद ही हमारा धरना खत्म होगा।

रेखा, शकुंतला देवी, सुशीला निवासी वार्ड 9