Faridabad/Alive News: पिता-पुत्र की हत्या के मामले में जेल में बंद हंसराज शर्मा उर्फ हंसू को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने उसे अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने और पारिवारिक रस्में निभाने के लिए 19 से 21 नवंबर तक तीन दिन की अनुमति दी है। इस दौरान वह पुलिस की कड़ी निगरानी में रहेगा।
न्यायमूर्ति एच.एस. ग्रेवाल की एकल पीठ ने गुरुवार को उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। इससे पहले फरीदाबाद सेशन कोर्ट ने उसे 20 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक केवल चार घंटे शादी में शामिल होने की अनुमति दी थी।
हंसराज की बहन मोनिका शर्मा की शादी 20 नवंबर को गांव शाहजहांपुर में होनी है। हाईकोर्ट में उसके वकील स्वयं बंसल ने दलील दी कि शादी की सभी पारंपरिक रस्में चार घंटे में पूरी करना संभव नहीं है। इसके बाद अदालत ने अनुमति की अवधि तीन दिन कर दी।
गौरतलब है कि 1 अक्टूबर 2023 को गांव शाहजहांपुर में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर हुए हमले में राजकुमार और उसके बेटे हिमांशु की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हंसराज समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

