June 2, 2024

हरियाणा में गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला फिर बने हॉटस्पाट, गुरुग्राम में आए कोरोना के सबसे ज्यादा मामले

Chandigarh/Alive News : हरियाणा में बढ़ते कोरोना के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ाने के साथ ही एक सप्ताह में प्रदेश में रोजाना मिलने वाले नए केसों की संख्या दो गुना हो गई है। संक्रमण दर की बात करें तो यह भी तीन गुना बढ़कर चार प्रतिशत की दर को पार कर गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला फिर से हॉटस्पाट बन रहे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक मामले इन्हीं जिलों में मिल रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जून माह की शुरुआत में प्रदेश में कोरोना की संक्रमण दर एक प्रतिशत से अधिक थी और छह जून को यह दर 1.67 फीसदी रही और नए मामले 165 मिले। इसके बाद से प्रदेश में अचानक से केसों में बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को नए केसों का आंकड़ा 430 तक पहुंच गया। पहले जहां कुल एक्टिव मामले एक हजार से नीचे 798 थे, वहीं अब इनकी संख्या 1821 पहुंच गई है।

गुरुग्राम में सबसे अधिक केस 279
नए केसों की बात करें तो गुरुग्राम में 279, फरीदाबाद में 105 मामले आए हैं। इसके बाद पंचकूला में 15, रोहतक-हिसार में 6-6, भिवानी-अंबाला 4-4 और झज्जर-सोनीपत में 3-3 नए केस मिले हैं। इसके साथ ही पलवल, नूंह, यमुनानगर, पानीपत और करनाल में मात्र 1-1 केस ही मिला है। शेष आठ जिलों चरखी दादरी, कैथल, फतेहाबाद, जींद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, सिरसा में एक भी केस नहीं मिला है।

अकेले गुरुग्राम जिले में हरियाणा के शेष 21 जिलों से अधिक एक्टिव केस हैं। इस समय गुरुग्राम में 1119 केस एक्टिव हैं, जबकि शेष हरियाणा में 702 केस एक्टिव हैं। फरीदाबाद में 410, पंचकूला 78, हिसार 26, सोनीपत 8, करनाल 13, , अंबाला 25, पानीपत 11, सिरसा 10, रोहतक 21, यमुनानगर 4, कुरुक्षेत्र 16, भिवानी 18, रेवाड़ी 9, जींद 8, झज्जर 11, फतेहाबाद 2, कैथल 18, पलवल 3, चरखी दादरी 8, नूंह में 3 और महेंद्रगढ़ में कोई भी केस नहीं है।