May 19, 2024

आने वाले दिनों में लोगों को जल्द मिल सकती है गर्मी से राहत, हो सकती है बारिश

Chandigarh/Alive News : हरियाणा के कई जिलों में बादलवाही और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी और धूल भरी हवाएं चलने से आमजन को गर्मी से आंशिक राहत मिली है। इस दौरान लगातार बढ़ रहे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान में करीब 7.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में प्रवेश कर चुका है, जिसकी वजह से पंजाब पर एक कमजोर चक्रवातीय सर्कुलेशन बन गया है। इससे उत्तरी हरियाणा के जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल आदि में हल्की बारिश और तेज गति से हवाएं चलने की संभावना बन रही है।

वहीं बाकी हिस्से में भी कुछ स्थानों पर मौसम गतिशील और परिवर्तनशील बना रहेगा। सीमित स्थानों पर हल्की बिखराव वाली बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। आने वाले दिनों में लगातार एक के बाद एक मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिसकी वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में अधिकतर स्थानों पर 16 -21 जून तक बारिश और तेज गति से हवाएं चलने के अलावा ओलावृष्टि भी देखने को मिलेगी। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है।