August 9, 2026

बड़े पेड़ काटे बिना बढ़ेगी हरियाली, नोएडा के पार्कों में लागू होगा नया मॉडल; क्या मिलेगा प्रदूषण से राहत ?

Noida/Alive News: नोएडा प्राधिकरण ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत उद्यान विभाग ने पहले चरण में 32 पार्कों का चयन किया है, जिनमें हरियाली को बढ़ावा देने के लिए 34.38 करोड़ रुपये का खर्च किया जाएगा।

इस परियोजना में पार्कों की मिट्टी को ट्रैक्टर और हल के माध्यम से पूरी तरह से पलटा जाएगा। इसके बाद दक्षिण भारत से लाई गई नील गिरी घास को लगाया जाएगा, जो छाया में तेजी से बढ़ने और लंबे समय तक हरी रहने की विशेषता रखती है।

पार्कों का नवीनीकरण पिछले 15-20 वर्षों से नहीं हुआ है, जिसके कारण मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी और जल धारण क्षमता में कमी आई है। मिट्टी की जुताई और लेवलिंग से उसे पर्याप्त आक्सीजन मिलेगी, जिससे नए पौधों की जड़ें तेजी से फैल सकेंगी। नील गिरी घास का उपयोग उन छायादार हिस्सों को हरा-भरा रखने में मदद करेगा, जहां सामान्य घास सूख जाती है।

इस परियोजना का एक और लाभ यह है कि बड़े पेड़ों के नीचे कम ऊंचाई वाले पौधों के रोपण से प्रति वर्ग मीटर आक्सीजन उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। यह मॉडल न केवल शहर के तापमान को नियंत्रित करने में सहायक होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में धूल और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए एक मजबूत “ग्रीन बफर” के रूप में कार्य करेगा।