April 26, 2024

हरियाणा में विदेशी निवेश बढ़ाने के लिए सरकार ने 18 देशों के राजदूतों को किया आमंत्रित

Chandigarh/Alive News : विदेशी निवेश बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार ने अफ्रीकी देशों को चुना है। इसके लिए सरकार ने 18 देशों के राजदूतों को आमंत्रित किया है। साथ ही सरकार ने निवेश बढ़ाने की रणनीति भी तैयार कर ली है। शिक्षा, उद्योग, प्रौद्योगिकी इत्यादि प्रमुख क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। 29 अक्तूबर को चंडीगढ़ से हरियाणा-अफ्रीका कनक्लेव सीरीज की शुरुआत होगी। इस दौरान 28 अक्तूबर को 18 देशों के राजदूत चंडीगढ़ पहुंचेंगे और पिंजौर हैरिटेज गार्डन इत्यादि क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। 29 अक्तूबर को चार सत्र में कनक्लेव होगा।

मिली जानकारी के अनुसार इसमें उच्च अधिकारियों के अलावा बहादुरगढ़, पानीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम सहित कुल पांच प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि अपने-अपने उत्पादों से जुड़े प्रस्तुतिकरण देंगे। कैसे आपस में व्यापार बढ़े, यहां मुख्य उद्देश्य रहेगा। देश-प्रदेश में श्रम लागत बढ़ रही है, ऐसे में उद्यमियों की नजर उन देशों पर है, जहां उद्योग स्थापना व व्यापार सस्ता है। हरियाणा में अफ्रीकी देशों के विद्यार्थी काफी संख्या में हिसार कृषि विवि, कुरुक्षेत्र विवि, गुरु जंभेश्वर विवि व अशोका सहित अन्य विवि में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

विद्यार्थियों की संख्या को बढ़ाना मुख्य उदेश्य
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इन देशों के विद्यार्थियों की संख्या को और बढ़ाना भी कनक्लेव का मुख्य बिंदु है। उच्च शिक्षा परिषद के चेयरमैन बीके कुठियाला इसे लेकर प्रस्तुतिकरण देने वाले हैं। पर्यटन, उद्योग, हैफेड, कृषि विभाग के अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र की खास प्रस्तुति के जरिये राजदूतों को बताएंगे। इस आयोजन का केंद्रीय विदेश मंत्रालय नोडल एजेंसी रहेगा।

इन देशों को मिला न्योता
कनक्लेव में कीनिया, कांगो, घाना, मोलाबी, नाइजीरिया, दक्षिणी अफ्रीका, युगांडा, मॉरीशस, यूथोपिया, मिस्र इत्यादि देशों को न्योता दिया गया है। विदेशी राजदूतों को हरियाणा के उत्पादों व उपलब्धियों के बारे में प्रदर्शनी के जरिये भी बताया जाएगा। हारट्रोन, खेल, हैफेड, कृषि, उद्योग इत्यादि के कुल 10 स्टाल लगेंगे।

इस आयोजन का शुभारंभ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय करेंगे, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के अलावा केंद्रीय विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि इस दौरान मौजूद रहेंगे। समापन संबोधन मुख्यमंत्री मनोहर लाल देंगे, जिसमें वे प्रदेश की नीतियों व अफ्रीकी देशों को लेकर राज्य सरकार की नीतियों के बारे में बताएंगे।