March 29, 2024

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं को किया जागरूक

Faridabad/Alive News: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी तीन की जूनियर रेडक्रॉस, गाइड्स और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि बालिका दिवस की शुरुआत महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 2008 में की गई थी। इस दिन विभिन्न कार्यक्रमों जिसमें सेव द गर्ल चाइल्ड, चाइल्ड सेक्स रेशियो और बालिकाओ के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण बनाने सहित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा और एक्टिविटीज कॉर्डिनेटर डॉक्टर जसनीत कौर ने बताया कि समाज में लड़कियों की स्थिति में सुधार के लिए यह दिवस मनाया जाता है। महिलाओ को अपने घरों, कार्यस्थलों और दैनिक जीवन में कई प्रकार के भेदभाव का सामना करना पड़ता है। लड़कियों की स्थितियों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एवम किशोरियों व बालिकाओं के कल्याण के लिए सरकार ने समग्र बाल विकास सेवा, धनलक्ष्मी, सबला जैसी योजनाएं चलाई हैं।

राष्ट्रमण्डल खेलों के गोल्ड मैडल हो या मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति के पद पर आसीन होकर देश सेवा करने का काम हो सभी क्षेत्रों में लड़कियां समान रूप से भागीदारी ले रही है। प्राचार्य मनचंदा और गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर ने छात्रा हर्षिता, भूमिका, ऋतु, सृष्टि मेघवाल और निशा का पेंटिंग के माध्यम से सशक्त अभिव्यक्ति के लिए अभिनंदन किया।