Faridabad/Alive News: हेल्थ सप्लिमेंट चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल और नफीश (निवासी जिला नूंह) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, झज्जर के गांव छपार निवासी विजेंद्र ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह हेल्थ सप्लिमेंट का काम करते हैं। 13 अक्टूबर 2025 को उन्होंने एक गाड़ी किराये पर लेकर 254 बॉक्स में सप्लिमेंट का सामान फरीदाबाद की एक कंपनी में भेजा था।
अगले दिन जब सामान की गिनती की गई, तो कई बॉक्स में से सप्लिमेंट के डिब्बे गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि गाड़ी चालक बिलाल सामान लेकर भौडाकलां (गुरुग्राम) से चला था, लेकिन रास्ते में वह गाड़ी को नूंह ले गया। वहां उसने अपने साथी नफीश और अन्य लोगों के साथ मिलकर बॉक्सों में से 163 डिब्बे निकाल लिए। इसके बाद वह गाड़ी को फरीदाबाद में कंपनी के पास पहुंचा दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

