May 18, 2024

फरीदाबाद के पंडालों से महिलाओं ने सिंदूर खेला के साथ मां भवानी को दी विदाई

Faridabad/Alive News: बुधवार को हर्षोल्लास के साथ जिले के पंडालों से मां दुर्गा को विदाई दी गई। सुबह विदाई से पहले मां दुर्गा की भव्य पूजा और आरती की गई। महिलाओं ने सिंदूर खेला में एक दूसरे को सिंदूर लगाकर देवी से अखंड सौभाग्यवती का आशीर्वाद मांगा। अगले वर्ष जल्दी आने की कामना करते हुए श्रद्धालुओं ने मां भवानी को विदाई दी।

सेक्टर 16 कालीबाड़ी मंदिर समिति के पदाधिकारी एके पंडित ने बताया कि एक अक्टूबर से बोधन पूजा के साथ दुर्गा पूजा की शुरुआत हुई। दुर्गा पूजा के दौरान मां दुर्गा की सुबह- शाम भव्य पूजा अर्चना की गई। पांच दिवसीय पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

वहीं सेक्टर-3 स्थित एहसास समिति द्वारा विशाल स्तर पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया। समिति के पदाधिकारी अभिषेक पॉल ने बताया कि आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल के मुख्य द्वार पर बना इंडिया गेट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा को झाड़सेतली स्थित तालाब में विसर्जित किया गया। हार्डवेयर- बाटा स्थित दुर्गाबाड़ी में मां दुर्गा की भव्य पूजा अर्चना के बाद कृत्रिम तालाब में प्रतिमा को विसर्जित की गई।

सिंदूर खेला के बाद हुई मां भवानी की विदाई
सेक्टर 16 कालीबाड़ी मां भवानी की पूजा करने पहुंची रूपाली और रेखा ने बताया कि दुर्गा पूजा के अंतिम दिन मां दुर्गा की विदाई से पहले सुहागिन महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर आशीर्वाद लेती हैं। महिलाएं सिंदूर खेला के दिन पान के पत्तों से मां दुर्गा के गालों को स्पर्श कर उनकी मांग और माथे पर सिंदूर लगाकर अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना करती हैं। दुर्गा पूजा ग्रेटर फरीदाबाद की कई सोसायटियों में दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाई गई। दशहरे वाले दिन मां दुर्गा की प्रतिमा को कृत्रिम तालाब में विसर्जित किया गया।