August 26, 2026

4 जून को दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क जांच शिविर

Faridabad/Alive News: जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सहयोग से नवदीप सेवा समिति, भारती चैरिटेबल ट्रस्ट और एलिम्को (भारत सरकार का उपक्रम) द्वारा 4 जून को दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क जांच एवं माप शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर बादशाह खान सिविल अस्पताल स्थित भौतिक चिकित्सा एवं पुनर्वास केंद्र (प्री मेडिकल वार्ड कंटेनर) में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सौरोत ने बताया कि शिविर में दिव्यांगजन और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की आंखों और कानों की जांच की जाएगी। साथ ही उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक माप भी लिए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों को बाद में एलिम्को के माध्यम से जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह शिविर पूरी तरह निशुल्क है। पंजीकरण के लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र और पारिवारिक आय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।उन्होंने जिले के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग और वृद्धजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक आसान और आत्मनिर्भर बनाना है।