Faridabad/Alive News: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर चल रहे साप्ताहिक जागरूकता अभियान के चौथे दिन बल्लभगढ़ स्थित एटीडीसी स्किल सेंटर में तंबाकू एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के नुकसान के बारे में जागरूक करना था।
शिविर में बी.के. सिविल अस्पताल, फरीदाबाद के अनुक्रम भाटी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ रेडक्रॉस नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, फरीदाबाद के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना, काउंसलर अमर अशोक और उनकी टीम ने भाग लिया।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, खैनी और अन्य तंबाकू उत्पाद स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं। इनके सेवन से गले का कैंसर, फेफड़ों की बीमारियां, टीबी, हृदय रोग सहित कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए उपलब्ध उपचार और परामर्श सेवाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने तंबाकू और नशे से दूर रहने तथा तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संदेश भी दिया।
आयोजकों ने बताया कि यह जागरूकता अभियान पूरे सप्ताह जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सामाजिक स्थलों पर जारी रहेगा।

