Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर ठगी करने के मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अगवानपुर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 सितंबर को उसके व्हाट्सएप पर कार चालान से जुड़ा एक मैसेज आया था। इस मैसेज में एक APK फाइल थी। जैसे ही शिकायतकर्ता ने फाइल खोली, उसके बैंक खाते से 3 लाख 74 हजार 500 रुपये कट गए। इस पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने पुनीत दुगड निवासी गांव धरती आनंगन, झालामंड, जिला जोधपुर (राजस्थान), हाल निवासी मौजपुर, शाहदरा, दिल्ली को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पुनीत ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। उसने अंकित नामक खाताधारक का खाता लेकर आगे ठगों को दिया था, जिसमें ठगी की रकम में से 1 लाख 99 हजार रुपये आए थे। पुनित B.Com पास है और दिल्ली में मोबाइल फोन की दुकान चलाता है।
इस मामले में खाताधारक अंकित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

