June 6, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 87.60 लाख रुपये की ठगी

Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 87,60,000 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने तीन खातों की अलग-अलग चैन में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान हरजिन्द्र सिंह निवासी होशियारपुर, पंजाब, अभय सागर निवासी जगतपुरी एक्सटेंशन, दिल्ली, प्रोत्खो जस्टीन निवासी सेनापति, मणिपुर, फुरकन ईलियास निवासी मोहल्ला छोटा बाजार, यमुनानगर, शोहेब निवासी पटाकपुरा मोहल्ला, यमुनानगर तथा पुनित कुमार निवासी गांव तेलीपुरा, यमुनानगर के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हरजिन्द्र, अभय सागर और प्रोत्खो जस्टीन एक अन्य साइबर ठगी के मामले में दिल्ली जेल में बंद थे, जिनको प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई है। पहले खाते की चैन में अभय सागर खाताधारक है, जिसका बैंक खाता हरजिन्द्र सिंह ने अमित से लेकर आगे ठगों को उपलब्ध कराया था। खाते में ठगी के एक लाख रुपये आए थे।

वहीं दूसरे खाते की चैन में प्रोत्खो जस्टीन खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था, खाते में ठगी के 5.50 लाख रुपये आए थे। तीनों को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है।

वहीं मामले की तीसरे खाता की चैन में गिरफ्तार शोहेब खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी के एक लाख रुपये आए थे। शोहेब का बैंक खाता फुरकन और पुनित कुमार ने खुलवाकर ठगों को उपलब्ध कराया था। तीनों आरोपित लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। जिनको माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी पूछताछ के लिये 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

बता दें कि अक्टूबर 2025 में सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने यूट्यूब पर शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित एक विज्ञापन दिखा। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसे A1-FSL नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ गया। फिर उसे एक अंजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई और उसे 2000 प्रतिशत लाभ, अपर सर्किट शेयरों की खरीद-बिक्री और Fyers Securities Limited (FSL) पर DMA (डायरेक्ट मार्केट एक्सेस) अकाउंट के जरिए भारी डिस्काउंट पर IPO अलॉटमेंट का झांसा दिया गया। ठगों की बातों में आकर उसने 87.60 लाख रुपये निवेश कर दिये परंतु से कोई राशि नहीं मिली। जिस संबंध में साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच आरंभ की गई थी।