June 6, 2026

बुढ़िया नाला सहित मुख्य ड्रेनों की सफाई में तेजी के निर्देश

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आज शनिवार को आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर शहर को जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से निजात दिलाने के उद्देश्य से बुढ़िया नाला सहित विभिन्न प्रमुख नालों की सफाई व्यवस्था का व्यापक एवं गहन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नालों एवं ड्रेनों की सफाई कार्य को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान डीसी आयुष सिन्हा ने बुढ़िया नाला सहित अन्य संवेदनशील एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों का दौरा कर सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नालों में जमी गंद (सिल्ट) को पूर्ण रूप से हटाया जाए तथा जल निकासी की क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।

डीसी ने विशेष रूप से कहा कि सफाई कार्य की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रोन के माध्यम से नियमित वीडियोग्राफी करवाई जाए तथा ‘बिफोर-आफ्टर’ आधार पर दैनिक प्रगति रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत की जाए, जिससे कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सके।

इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी स्थलों पर बैंक स्ट्रेंथनिंग (तटबंध सुदृढ़ीकरण) का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जल प्रवाह सुचारू बना रहे और कृषि भूमि को नुकसान से बचाया जा सके।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में पारस्परिक सहयोग एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एफएमडीए के चीफ इंजीनियर विशाल बंसल, नगर निगम, सिंचाई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।