June 6, 2026

फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4.43 करोड़ की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर ठगी के एक बड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 4.43 करोड़ रुपये ठगने का है। साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी अतुल कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से कासगंज (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल विष्णु गार्डन, दिल्ली में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-9 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने 24 अक्टूबर 2025 को शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट पर एक युवती से बातचीत शुरू हुई, जो बाद में व्हाट्सएप कॉल तक पहुंच गई। युवती ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।

इसके बाद ठगों ने उसका अकाउंट “marketaxess.vip” नाम की वेबसाइट पर बनवाया और अप्रैल से जून 2025 के बीच उससे अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 4,43,68,974 रुपये निवेश करवा लिए। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो वह ऐसा नहीं कर सका और उसे ठगी का पता चला।

जांच के दौरान पुलिस ने खाताधारक अतुल कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। वह पेशे से डिलीवरी बॉय है। उसके खाते में ठगी के 7.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।