June 6, 2026

मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 8.37 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने बिहार से आरोपी को पकड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए एक युवती से 8 लाख 37 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, तिगांव की रहने वाली एक युवती ने शिकायत दी कि उसने SHAAADI.COM पर अपनी प्रोफाइल बनाई हुई थी। 7 अक्टूबर 2025 को उसे एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक लड़के ‘गौरव’ का पिता बताया और कहा कि वह यूके में रहता है। उसने युवती की प्रोफाइल पसंद आने की बात कही और शादी के लिए बातचीत शुरू की।

इसके बाद 11 अक्टूबर को युवती के पास व्हाट्सएप पर ‘गौरव’ नाम के व्यक्ति का कॉल आया। उसने बातों में उलझाकर कहा कि युवती की वजह से उसे बिजनेस में फायदा हुआ है। उसी दिन एक और कॉल आया, जिसमें बताया गया कि यूके से उसके लिए गिफ्ट भेजे गए हैं।

ठगों ने गिफ्ट में डायमंड रिंग, 6 हजार पाउंड नकद, आईफोन 17 प्रो मैक्स, सैमसंग फोन, सोने की चूड़ियां और डायमंड नेकलेस होने की बात कही। इसके लिए पहले 25,100 रुपये ड्यूटी चार्ज और फिर ‘डायमंड कार्ड’ बनाने के नाम पर 1,27,000 रुपये मांगे गए।

इस तरह अलग-अलग बहानों से ठगों ने युवती से कुल 8,37,000 रुपये ठग लिए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने 23 मार्च को बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले असान अली (28) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। उसने पहले से गिरफ्तार एक महिला के खाते का इस्तेमाल कर ठगी की रकम आगे ट्रांसफर करवाई।

आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।