June 6, 2026

डीएवी स्कूल, एनटीपीसी फरीदाबाद में आर्य समाज स्थापना सप्ताह धूमधाम से मनाया गया

Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी फरीदाबाद में 19 मार्च से 25 मार्च 2026 तक आर्य समाज स्थापना सप्ताह बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान स्कूल में कई आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

19 मार्च को आर्य समाज के 152वें स्थापना दिवस पर भजन संध्या, नुक्कड़ नाटक और व्याख्यान का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए समाज में फैली बुराइयों को खत्म करने और वैदिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। भजन संध्या में प्रस्तुत भजनों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

पूरे सप्ताह के दौरान हवन, भजन, व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ी।

25 मार्च को आर्य समाज और डीएवी परिवार के प्रमुख पद्मश्री आर्यरत्न पूनम सूरी जी के 79वें जन्मदिन के अवसर पर स्कूल में 79 कुण्डीय यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रों के साथ यज्ञ शुरू हुआ, जिसमें सभी ने श्रद्धा के साथ आहुतियां दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की।

इस मौके पर भजन संध्या भी आयोजित की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। हरियाणा के अन्य आर्य समाज और डीएवी संस्थानों में भी इसी तरह के कार्यक्रम हुए।

स्कूल की प्राचार्य अलका अरोड़ा ने अपने संदेश में पूनम सूरी जी के योगदान की सराहना की और विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।

यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक साबित हुआ।