September 24, 2026

नशा तस्करों पर कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, गांजा और नशीली गोलियां बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.282 किलोग्राम गांजा और 960 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को अपराध शाखा DLF ऊंचा गांव की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पिंटू नाम के आरोपी को तिकोना पार्क, एनआईटी के पास से गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से फतेहपुर सीकरी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल पर्वतीय कॉलोनी में रह रहा था। उसके पास से 1.282 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि उसने 5 किलो गांजा मथुरा से 30 हजार रुपये में खरीदा था, जिसमें से कुछ वह पहले ही बेच चुका था।

दूसरे मामले में अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने गांधी कॉलोनी के रहने वाले योगेश को भगत सिंह चौक के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 960 नशीली और प्रतिबंधित गोलियां मिलीं। आरोपी ने बताया कि वह ये गोलियां प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) से लाया था।

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।