June 26, 2026

वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 4.20 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम डबागर के रूप में हुई है, जो सूरत (गुजरात) का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह इस मामले में खाताधारक था, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया हुआ था।

पुलिस ने बताया कि नीमका के रहने वाले एक व्यक्ति को 17 जुलाई 2024 को व्हाट्सएप पर वर्क फ्रॉम होम का मैसेज आया। इसके बाद उसे टेलीग्राम पर जोड़कर एक लिंक के जरिए छोटे-छोटे टास्क दिए गए। टास्क पूरे करने के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग खातों में कुल 4,20,214 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

बाद में ठगों ने पैसे निकालने के लिए उससे 6 लाख रुपये और मांगे, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में केस दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते में ठगी के 46,000 रुपये आए थे। आरोपी 12वीं पास है और गुलाल बनाने का काम करता है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।