Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेलिग्राम टास्क के नाम पर लोगों से पैसे ठगने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, NIT फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 7 मई 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया। लिंक के जरिए उसे टास्क पूरा करके पैसे कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद उसे अलग-अलग टास्क दिए गए और उसने धीरे-धीरे कुल 3,34,219 रुपये ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब पीड़ित ने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो उसे और टास्क करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने पवन परिहार नाम के आरोपी को जोधपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को दे रखा था, जिसमें इस ठगी से जुड़े 98,345 रुपये आए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जोधपुर में एक मोबाइल रिपेयर की दुकान पर काम करता है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

