Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 222 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पटेल चौक के पास से सौपाल कडायत उर्फ संजय नेपाली को पकड़ा। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और फिलहाल गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद में रह रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी 500 ग्राम गांजा दिल्ली से 5 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। इसमें से वह 278 ग्राम पहले ही बेच चुका था और बाकी 222 ग्राम उसके पास से बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ थाना NIT में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है।

