May 5, 2024

चार साल की बच्ची पर कुत्तों ने किया हमला, हालत नाजुक

Faridabad/Alive News : कुछ दिनों पहले गांव डिंग में कुछ कुत्तों ने एक चार वर्षीय बच्ची पर हमला कर बच्ची को बुरी तरह घायल कर दिया। जिसके बाद उपचार के लिए बच्ची को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची के शरीर में संक्रमण तेजी से फैलने के कारण बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल बच्ची का उपचार विशेष डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार परिजनों का कहना है कि डॉक्टर अभी उनकी बच्ची की तबीयत में सुधार से साफ इनकार कर रहे हैं। साथ ही जान को खतरा भी बता रहे हैं। बल्लभगढ़ क्षेत्र के डिग गांव के रहने वाले प्रवीन कुमार ने बताया कि बेटी जान्हवी के साथ वह ट्रैक्टर से खेतों में 16 जुुलाई को गए थे। पीड़ित बच्ची के पिता खेतों में पहुंचकर काम करने लगे। उसी दौरान बच्ची ट्रैक्टर से उतरकर खेलने लगी।

तभी खेतों में कुत्तों का झुंड इकट्ठा हो गया और बेटी पर हमला कर दिया। कुछ समय बाद जब पीड़ित बच्ची के पिता दुर्घटना स्थल पहुंचे तो देखा कि बेटी मौजूद नहीं थी। इसके बाद उन्होंने उसकी आसपास तलाश शुरू कर दी। लेकिन मासूम बेसुध हालत में लहूलुहान खेतों में पड़ी हुई थी और कुत्ते बच्ची को नोचने में लगे थे। वह घायल बेटी को लेकर सर्वोदय अस्पताल पहुंचे। जहां पर उसका 17 दिन उपचार चला लेकिन तबीयत बिगड़ती चली गई। बाद में डॉक्टरों ने अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।