Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक चालान के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस ठगी में पीड़ित के बैंक खाते से 1,95,614 रुपये निकाल लिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-85 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति को 29 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल पर ट्रैफिक चालान से जुड़ा एक मैसेज मिला था। मैसेज में दिए गए लिंक पर जैसे ही उसने क्लिक किया, उसके बैंक खाते से बड़ी रकम कट गई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर के गांव कंचनपुर निवासी चार आरोपियों—कुलदीप सिंह, जग्गू राजा, निलेश और अंकेश—को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं और एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों ने ट्रैफिक चालान के नाम से एक फर्जी APK फाइल तैयार की थी। यही फाइल पीड़ित को भेजी गई, जिस पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और खाते से पैसे निकाल लिए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी निलेश और अंकेश को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि कुलदीप सिंह और जग्गू राजा को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

