October 29, 2026

गाड़ी रोककर मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में गाड़ी का रास्ता रोककर मारपीट करने, चाकू से हमला करने और नकदी व सामान छीनने के मामले में दयालबाग पुलिस चौकी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान लक्कड़पुर निवासी सौरभ, सुशांत, मोनू और सावन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुशांत ने शिकायतकर्ता पर चाकू से हमला किया था।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, लक्कड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 27 अक्टूबर की रात वह अपने भाई के साथ गाड़ी में सीएनजी भरवाकर घर लौट रहा था। जब वे आइडियल स्कूल के पास पहुंचे, तो 4-5 युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने खड़े होकर रास्ता रोक लिया और दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने शिकायतकर्ता पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी उनसे 400 रुपये और अन्य सामान छीनकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी उस रात एक साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गाड़ी रोककर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और नकदी व सामान छीन लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुशांत के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।