March 8, 2026

यमुना नदी  का जलस्तर बढ़ने से बने बाढ़ के हालात, लोगों को छोड़ना पड़ा घर

Faridabad/Alive News: यमुना नदी में उफान से फरीदाबाद के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली से सटे बसंतपुर की आबादी में लगातार पानी बढ़ता जा रहा है। यहां अवैध रूप से कॉलोनी बसाई गई है जिसकी वजह से 300 से अधिक मकानों में पानी भर गया है। बुधवार सुबह यमुना का जलस्तर बढ़ने के साथ लोग अपने घरों को छोड़कर बाहर आ रहे हैं। बसंतपुर में ही लोगों को रेस्क्यू करने का भी इंतजाम किया गया है।

एसडीआरएफ की टीम तैयारी में जुट गई है। बाढ़ के मद्देनजर 27 गांवों को संवेदनशील घोषित किया गया है। जिले के मोहना, छायंसा, चांदपुर, शाहजहांपुर, मंझावली, राजपुर कलां, अमीपुर, सिदौला, लालपुर में यमुना का जलस्तर बढ़ने से फसलें जलमग्न हो गई। 

लोगों को दूल्हेपुर गांव के राहत शिविर में पहुंचाया गया है। ग्रामीण भेड़-बकरियों को लेकर राहत शिविर में पहुंचे। यमुना नदी किनारे सटे हुए साहुपुरा खादर में स्वास्थ्य विभाग टीम ने दौरा किया। मौके पर सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, डिप्टी सीएमओ डॉ. राम भगत ने लोगों से बात की और जरूरी दवा मुहैया कराने के बारे में कहा है।

हरिद्वार की बस अस्थायी तौर पर बंद
गंगा-यमुना नदियों में बाढ़ की स्थिति के कारण हरियाणा रोडवेज ने हरिद्वार जाने वाली बसों का संचालन अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है। बाढ़ आने और खराब मौसम को देखते हुए अब लोग हरिद्वार स्नान करने के लिए जा भी नहीं जा रहे हैं। सवारी न आने के कारण एसी बस खाली जा रही थी। इससे हरियाणा रोडवेज को खासा आर्थिक नुकसान हो रहा था।

सवारियों के न आने के कारण स्थानीय अधिकारियों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष यह समस्या रखी। फरीदाबाद डिपो के यातायात प्रबंधक नवनीत बजाज ने बताया कि उच्च अधिकारियों के परामर्श पर हरिद्वार जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बस को तुरंत प्रभाव से अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है। जब हालात सामान्य हो जाएंगे, तब उच्च अधिकारियों से परामर्श करके बसों का दोबारा से संचालन शुरू कर दिया जाएगा।