March 7, 2026

कुरुक्षेत्र में दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत, होटल के कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सोए थे

kurukshetra/Alive News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के रहने वाले ठेकेदार सहित पांच मजदूरों की मौत हो गई। सभी मजदूर होटल के कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सो गए थे, जिससे दम घुटने के कारण उनकी जान चली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी ठेकेदार नूर अपने साथ चार मजदूरों को पेंटिंग का काम करने के लिए कुरुक्षेत्र लाया था। सभी लोग जिला जेल के पास स्थित एक होटल में रुके हुए थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे वे कुरुक्षेत्र पहुंचे और रात को खाना खाने के बाद एक ही कमरे में सो गए।

मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल मैनेजर और पुलिस को सूचना दी गई।

कमरा खोलने पर सभी पांचों मजदूर अंदर मृत अवस्था में मिले। होटल कर्मचारियों के अनुसार कमरे के अंदर कोयले की अंगीठी जली हुई थी। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि अंगीठी से निकले धुएं के कारण कमरे में ऑक्सीजन कम हो गई, जिससे सभी की दम घुटने से मौत हुई।

पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही होटल मालिक को भी बुलाया गया है और मृतकों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।