Faridabad/Alive News: जिले की 5 कॉलोनियों में पिछले 6 दिनों से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। खुदाई के दौरान पानी की मुख्य पाइपलाइन टूट जाने से करीब एक लाख लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हो पाई है, जिससे लोगों के घरों तक पूरा पानी नहीं पहुंच रहा है।
यह मामला पर्वतीय कॉलोनी स्थित जलघर के पास का है। यहां 6 दिन पहले एक बोरवेल का होल खुला होने के कारण उसमें तीन पिल्ले गिर गए थे। पिल्लों को निकालने के लिए अर्थ मूवर मशीन से खुदाई की गई। इसी दौरान जलघर से पानी की सप्लाई के लिए जाने वाली मुख्य पाइपलाइन टूट गई। काफी प्रयास के बाद पिल्लों को बाहर तो निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पाइपलाइन टूटने के बाद से पानी की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित है। लाइन से लगातार पानी रिस रहा है, जिसके कारण लोगों के घरों तक बहुत कम पानी पहुंच पा रहा है। इसी लाइन से शहर की 5 कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति होती है, जिससे करीब एक लाख लोग प्रभावित हैं।
पानी नहीं आने से लोगों को पीने और रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कत हो रही है। कई इलाकों में लोग टैंकरों से पानी मंगाने को मजबूर हैं, तो कुछ परिवार दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने पर मजबूर हो गए हैं।
इस मामले में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि टूटी हुई पाइपलाइन को मंगलवार शाम तक जोड़ दिया जाएगा और जल्द ही पानी की सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को हो रही परेशानी को जल्द खत्म किया जाएगा।

