June 13, 2026

हरियाणा में HPSC ने ट्रेजरी ऑफिसर समेत 7 परीक्षाएं टालीं, नई तारीख का ऐलान नहीं

Panchkula/Alive News: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने जनवरी महीने में होने वाली 7 बड़ी भर्ती परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। ये परीक्षाएं 19 से 25 जनवरी के बीच आयोजित होनी थीं। आयोग ने इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया है, लेकिन परीक्षाएं टालने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। साथ ही, नई परीक्षा तिथियों को लेकर भी अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

स्थगित की गई परीक्षाओं में ट्रेजरी ऑफिसर (TO) और असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर (ATO) की परीक्षाएं सबसे अहम मानी जा रही हैं। इनके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़ी विभिन्न लेक्चरर और इंस्ट्रक्टर पदों की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं।

स्थगित की गई परीक्षाएं:

  • सिविल इंजीनियरिंग लेक्चरर – 19 जनवरी 2026
  • कंप्यूटर इंजीनियरिंग लेक्चरर – 19 जनवरी 2026
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग लेक्चरर – 20 जनवरी 2026(सुबह)
  • फोरमैन इंस्ट्रक्टर – 20 जनवरी (शाम) 2026
  • इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग लेक्चरर – 21 जनवरी 2026
  • फार्मेसी लेक्चरर – 21 जनवरी 2026
  • ट्रेजरी ऑफिसर व असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर – 25 जनवरी 2026

इन सभी परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

ट्रेजरी ऑफिसर और असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर के कुल 35 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। ट्रेजरी ऑफिसर के 5 पदों के लिए 83 उम्मीदवार मेंस परीक्षा के लिए योग्य पाए गए हैं, जबकि असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर के 30 पदों के लिए 843 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।

ट्रेजरी ऑफिसर के परिणाम में 8 ऐसे उम्मीदवार हैं, जो आरक्षित वर्ग से होते हुए भी जनरल कट-ऑफ में शामिल हुए। वहीं, असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर के परिणाम में 164 अभ्यर्थी आरक्षित वर्ग से जनरल श्रेणी में शामिल हुए हैं।

परीक्षाएं अचानक टलने से हजारों अभ्यर्थियों को झटका लगा है। अब सभी उम्मीदवार नई परीक्षा तिथियों के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं।