Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने पत्नी की हत्या की कोशिश करने वाले एक आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जसवंत के रूप में हुई है, जो सेक्टर-74 फरीदाबाद का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, चन्द्रवती नाम की महिला ने शिकायत दी कि 13 मार्च की रात उसका पति घर आया और उस पर पिस्टल से गोली चला दी। इसके बाद उसने अपने बेटे कुलदीप को भी पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया।
शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसी विवाद के चलते गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी पर फायर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

